राजगढ़, 07 अगस्त 2025
राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1.26 करोड़ बहनों को 1859 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रत्येक बहन को 250 रुपए का शगुन मिलाकर 1500 रुपए की सौगात दी। उज्जवला योजना में 28 लाख बहनों को 43.90 करोड़ की सहायता राशि दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के अमिट रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने द्रौपदी और श्रीकृष्ण की कथा का उल्लेख करते हुए बहनों की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोपरि बताया। उन्होंने ऐलान किया कि लाड़ली बहनों को अब हर माह 1500 रुपए मिलेंगे और 2028 तक यह राशि बढ़ाकर 3000 रुपए की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बैजनाथ धाम के जीर्णोद्धार, कुरावर में शासकीय महाविद्यालय और नेवज नदी को पीकेसी परियोजना से जोड़ने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में ‘आकांक्षा हॉट’ का शुभारंभ भी किया गया, जिसमें स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।
मुख्यमंत्री को बहनों ने राखी बाँधी और झूला झुलाया। रोड शो में नगरवासियों ने भव्य स्वागत किया और कलश यात्रा व पुष्पवर्षा से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सांसद, मंत्रीगण, विधायकगण और बड़ी संख्या में बहनें उपस्थित रहीं।
कोई टिप्पणी नहीं: